Remix Fall में रांची के दो छात्रों की डूबकर मौत [Two students of Ranchi drowned in Remix Fall]

2 Min Read

खूंटी। जिले के रीमिक्स फॉल (Remix Fall) में डूबने से रांची के दो छात्रों की मौत हो गई है। दोनों छात्र अपने 10 दोस्तों के साथ रीमिक्स फॉल घूमने आए थे।

नहाने के लिए वे झरने के पास गए थे, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण दो छात्रों की डूबकर मौत हो गई है। मृतकों की पहचान रांची जिला के खेलगांव के महुआ टोली निवासी महेंद्र तिर्की के 15 वर्षीय पुत्र रोलेन तिर्की और सुशील सांगा के 15 वर्षीय पुत्र जेम्स सांगा के रूप में की गई है।

10 दोस्त आये थे घूमनेः

डीएसपी ने बताया कि रांची जिले के आदर्श नगर, कोकर, गाड़ीगांव से लगभग 10 किशोर बाइक पर सवार होकर रीमिक्स वाटर फॉल पहुंचे थे। सभी किशोर फॉल में नहा रहे थे।

इसी दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले गए और डूब गए। फॉल में नहा रहे अन्य दोस्तों ने स्थानीय लोगों को आवाज दी। इसके बाद आसपास के लोग जुटे और दोनों को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल सका।

गोताखोरों की मदद से निकाले गये शवः

स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना मारंगहादा पुलिस को दी। सूचना के लगभग पौने घंटे बाद पुलिस पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से फॉल में डूबे दोनों किशोर के शवों को बाहर निकाला गया। वहीं सूचना पर मृतकों के परिजन घटनास्थल पहुंचे।

इसे भी पढ़ें

ससुराल आये दामाद की डैम में डूबने से हुई मौत

Share This Article
Exit mobile version