Ration card holders: 3 लाख नए हरा राशन कार्ड धारकों का भी होगा मुफ्त इलाज

4 Min Read

Ration card holders:

रांची। झारखंड सरकार ने राज्यवासियों को बड़ी राहत दी है। पूर्व में जहां सीमित संख्या में हरा राशन कार्डधारी आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ उठा रहे थे, अब सरकार ने सूची में 3 लाख नए लाभुक परिवारों को जोड़ दिया है। अब सभी हरा राशन कार्डधारी परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा। ये वे लोग हैं जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के पात्र तो हैं, लेकिन केंद्र द्वारा तय सीमा के कारण एनएफएसए के तहत खाद्यान्न वितरण का लाभ नहीं ले पा रहे थे।

15 लाख लाभुकों को मिलेगा लाभः

स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत चिह्नित 15 लाख नए लाभुकों (करीब 3 लाख परिवार) को योजना में शामिल करने का निर्णय लिया है। अब उन्हें स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

175 करोड़ की स्वीकृतिः

राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए योजना पर 175 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इस राशि से राज्य के कुल 61 लाख 50 हजार परिवारों को योजना के दायरे में लाया गया है, इनमें अतिरिक्त 3 लाख हरा राशन कार्डधारी परिवार जुड़ चुके हैं। पहले 58.5 लाख परिवारों को लाभ मिल रहा था।

गंभीर बीमारी में भी आर्थिक चिंता नहीं होगीः

3 लाख नए परिवार समेत सभी हरा कार्डधारी गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक रूप से सुरक्षित होंगे।
गरीब परिवारों की जेब से होने वाला इलाज खर्च घटेगा।
राज्य की कुल आबादी का बड़ा हिस्सा स्वास्थ्य सुरक्षा दायरे में आ जाएगा।
निजी एवं सरकारी अस्पतालों में कैश-लेस ट्रीटमेंट आसानी से उपलब्ध होगा।

अब एपीएल परिवारों को इन बीमारियों में मुफ्त इलाजः

हरा राशन कार्डधारक अब वे सभी सुविधाएं पा सकेंगे, जो बाकी आयुष्मान लाभुकों को मिलती हैं। हार्ट सर्जरी (बाईपास, वॉल्व रिप्लेसमेंट), किडनी डायलिसिस, ट्रांसप्लांट से पहले की प्रक्रिया, ब्रेन स्ट्रोक, न्यूरो सर्जरी, कैंसर की सर्जरी एवं इलाज, हड्डी टूटना, बड़े ऑपरेशन, स्त्री रोग से जुड़ी सर्जरी, नवजात शिशु और प्रसूती संबंधी इलाज, दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों का इलाज सहित करीब 1500 से अधिक पैकेज का लाभ मिलेगा।

हरा राशन कार्डधारक ऐसे ले पाएंगे योजना का लाभः

योजना का लाभ लेने के लिए लाभुक परिवार के पास हरा राशन कार्ड होना अनिवार्य है। यह कार्ड स्वतः योजना में शामिल कर लिया जाएगा और पात्रता सूची में परिवारों के नाम आयुष्मान पोर्टल में अपडेट होंगे। लेकिन, इलाज लेने के लिए गोल्डन कार्ड बनवाना होगा। इसके लिए नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएचसी) या रिम्स व अन्य अस्पतालों में लगे आयुष्मान काउंटर पर राशन कार्ड व आधार कार्ड के साथ जाकर गोल्डन कार्ड प्रिंट कराया जा सकता है।

5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवरेज मिलेगाः

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रति परिवार 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज दिया जाएगा। इसमें एक लाख रुपए बीमा कंपनी द्वारा (इंश्योरेंस मॉडल) और 4 लाख रुपए ट्रस्ट मॉडल के तहत झारखंड स्टेट हेल्थ ट्रस्ट द्वारा वहन किए जाएंगे। पूर्व के लाभुकों के प्रीमियम भुगतान में 60% हिस्सा केंद्र सरकार और 40% हिस्सा राज्य सरकार वहन करती है, पर इन हरा कार्ड धारक 3 लाख परिवारों के बीमा खर्च का भार पूरी तरह राज्य निधि से वहन किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

Ration Card e-KYC: केंद्र सरकार का सख्त निर्देश: बिना e-KYC अब नहीं मिलेगा राशन, झारखंड में 76% परिवारों ने किया आधार लिंकिंग पूरा


Share This Article