President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति के आगमन पर 3 दिन बदला रहेगा रांची का ट्रैफिक

Satish Mehta
3 Min Read

President Draupadi Murmu

रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे के कारण राजधानी रांची में तीन दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। यह व्यवस्था 28 दिसंबर से 30 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी।

एयरपोर्ट से लोकभवन तक रहेगा हाई-सिक्योरिटी कॉरिडोरः

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के दौरान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लोकभवन तक के रूट को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। इस मार्ग पर 85 से अधिक प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्य सड़कों से जुड़ने वाली 75 से अधिक बाइलेन को भी चिन्हित कर वहां निगरानी बढ़ाई जाएगी।

ऑटो और ई-रिक्शा पर पूरी तरह रोकः

एयरपोर्ट से लोकभवन तक के मार्ग पर तीन दिनों के लिए ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए इस रूट पर 300 से अधिक अतिरिक्त ट्रैफिक जवान तैनात किए जाएंगे।

विमान यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारीः

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने हवाई यात्रियों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। 28 दिसंबर की शाम की उड़ानों के यात्रियों को शाम 4:30 बजे से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं, 29 दिसंबर की सुबह की उड़ानों के लिए यात्रियों को सुबह 7:30 बजे से पहले एयरपोर्ट पहुंचना अनिवार्य होगा।

कार्तिक जतरा में कई केंद्रीय और राज्य के नेता होंगे शामिलः

इधर, 29 दिसंबर से गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में दो दिवसीय कार्तिक जतरा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और राष्ट्रीय एसटी-एससी आयोग के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति प्रस्तावित है।

समापन समारोह में राष्ट्रपति होंगी मुख्य अतिथिः

30 दिसंबर को कार्तिक जतरा के समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर कई दिग्गज नेता भी मंच साझा करेंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हैं।

प्रशासन ने की अपीलः

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Share This Article