बोकारो में सरेराह युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग [Rapid firing on a young man in Bokaro]

2 Min Read

बोकारो। बोकारो में एक व्यक्ति को गोलियों से भून दिया गया है। पांच अपराधियों ने करीब एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की है। मृतक का नाम शंकर रवानी है। शंकर का भी अपराधिक इतिहास रहा है। घटना गुरुवार सुबह की है।

घटना को बोकारो स्टील सिटी के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9 हटिया मोड़ भाजपा कार्यालय के पास अंजाम दिया गया है। अपराधी कार और बाइक से आए थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बिरसा चौक को जाम कर दिया है।

अपनी कार धो रहा था रवानी

प्रत्यक्षदर्शी रामदेव उरांव ने बताया कि शंकर रवानी अपनी स्कॉर्पियो धो रहा था। इसी दौरान चंद्रपुरा की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार आई और उसमें से दो लोग उतरे और पिस्तौल से शंकर रवानी पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही शंकर रवानी जमीन पर गिर गया।

जमीन पर गिरने के बाद अपाचे सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे। अपाचे के पीछे बैठे अपराधी ने शंकर रवानी की कनपटी पर पिस्तौल से गोली मार दी और नया मोड़ की ओर फरार हो गए।

पहले भी शंकर पर चली थी गोली

जानकारी के मुताबिक आठ माह पहले भी शंकर रवानी को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारी थी। उस समय शंकर रवानी के कमर में गोली लगी थी, जिसमें वह बच गया था। यह मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है।

घटना के बाद सिटी डीएसपी आलोक रंजन और हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। शंकर रवानी को बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

इसे भी पढ़ें

पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह पर फायरिंग मामले में पुलिस ने किया तीन अपराधी को गिरफ्तार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं