Ranchi’s Hotel Ashok: रांची का होटल अशोक फिर होगा चालू, राज्य सरकार करेगी संचालन

3 Min Read

Ranchi’s Hotel Ashok:

रांची। झारखंड में वर्षों से बंद पड़ा होटल अशोक फिर से चालू होगा। इसका संचालन भी अब झारखंड सरकार ही करेगी। इसे लेकर केद्र और राज्य के बीच सहमति बन गई है। इसे लेकर झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में पर्यटन के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं पर चर्चा हुई। इसमें रांची के अशोक होटल को राज्य सरकार को हस्तांतरण करने पर सहमति बनी।

इन मुद्दों पर भी हुई चर्चाः

बैठक के दौरान राज्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, विरासत स्थलों के संरक्षण और पर्यटन से जुड़े संस्थागत विकास पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

मंत्री सोनू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई:

  • अशोक होटल, रांची का राज्य सरकार को हस्तांतरण: रांची स्थित अशोक होटल के झारखंड सरकार को हस्तांतरण पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इससे राजधानी में पर्यटन आधारभूत संरचना को बल मिलेगा।
  • स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत ईको-टूरिज्म परियोजनाएं: चांडिल, नेतरहाट और तेनुघाट में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं की योजना बनाई गई है।
  • विशेषीकृत पर्यटन संस्थान की स्थापना: अन्य राज्यों की तर्ज़ पर झारखंड में भी IITTM मॉडल पर आधारित एक विशेषीकृत पर्यटन संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।
  • राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेलों का आयोजन: राज्य में पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए MoT (केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय) और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मेलों के आयोजन पर सहमति बनी।
  • विरासत स्थलों का संरक्षण: झारखंड के पुरातात्विक और विरासत स्थलों के संरक्षण व संवर्धन के लिए केंद्र सरकार से तकनीकी व वित्तीय सहयोग की मांग की गई।
    केंद्र से मांगा सहयोगः
    मंत्री सुदिव्य सोनू ने केंद्र सरकार से इन सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग का अनुरोध किया, जिससे झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई जा सके।

इसे भी पढ़ें

5 star hotels: पटना में बनेंगे 3 नये 5 स्टार होटल

Share This Article
Exit mobile version