Jharkhand get metro soon: झारखंड के तीन शहरों को जल्द मिलेगी मेट्रो, रांची-जमशेदपुर-धनबाद शामिल

2 Min Read

Jharkhand get metro soon:

रांची। झारखंड को जल्द ही मेट्रो रेल सेवा का तोहफा मिल सकता है। राज्य सरकार ने इस दिशा में कवायद शुरू कर दी है और इसके लिए रांची, जमशेदपुर और धनबाद तीन बड़े शहरों को चुना गया है। मेट्रो परियोजना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को पहले ही भेजा जा चुका है। अब केंद्र ने राज्य सरकार से इन शहरों के लिए नया कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (CMP) तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा है।

नया सीएमपी तैयार करने की कवायद

नगर विकास एवं आवास विभाग ने नया सीएमपी बनाने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुराने सीएमपी को केंद्र ने मौजूदा जरूरतों के अनुरूप नहीं माना था। इसलिए अब डेढ़ से दो महीने के भीतर नया सीएमपी केंद्र को भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्र की मंजूरी मिलने पर मेट्रो परियोजना की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री की पहल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 जुलाई को पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से रांची समेत प्रमुख शहरों में मेट्रो परियोजना की मांग की थी। राज्य सरकार के मुताबिक, इन शहरों में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या ने यातायात का दबाव बढ़ा दिया है।

यातायात और प्रदूषण से मिलेगी राहत

रांची, जमशेदपुर और धनबाद में लगातार जाम और प्रदूषण लोगों की बड़ी समस्या बन चुके हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने से न केवल यातायात दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण घटेगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। झारखंड सरकार का दावा है कि मेट्रो परियोजना राज्य के शहरी ढांचे को नई दिशा देगी और लोगों की जीवनशैली को आसान बनाएगी। नया सीएमपी तैयार होते ही केंद्र से मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें

वंदे मेट्रो का बदला नाम, अब ‘नमो भारत रैपिड रेल’ होगा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं