Jharkhand Medical college: झारखंड में 6 नए मेडिकल कॉलेज खुलने का रास्ता साफ, केंद्र से मिली मंजूरी

Juli Gupta
3 Min Read

Jharkhand Medical college:

रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, केंद्र सरकार ने राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोलने की मंजूरी दे दी है। यह कॉलेज पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड में खोले जाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को पत्र लिखकर इस योजना की मंजूरी की जानकारी दी।

मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग

सुदिव्य कुमार सोनू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर राज्य में नए मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की थी। अब केंद्रीय सरकार से मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने मंत्री नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “धन्यवाद माननीय मंत्री श्री @JPNadda जी। झारखंड की जनता के लिए 6 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में आपके सकारात्मक सहयोग और पहल के लिए मैं हृदय से आभारी हूं।”

क्या है मंजूरी के बाद की योजना?

इन छह नए मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों का निर्माण राज्य के विभिन्न जिलों में किया जाएगा। इनमें धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह, जमशेदपुर और जामताड़ा शामिल हैं। इस पहल से झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है, और यह राज्य के लाखों लोगों को उन्नत चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच प्रदान करेगा।

डॉक्टरों की कमी होगी दूर

मेडिकल कॉलेजों के बनने से राज्य में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सकेगा, साथ ही मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी मिलेंगे। इसके साथ ही, राज्य के युवाओं को उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा, जिससे राज्य के अंदर ही डॉक्टर तैयार होंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन से

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है, और अब केंद्र से मिली मंजूरी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस कदम से राज्य के नागरिकों को बेहतर इलाज मिलेगा। राज्य के युवाओं को उच्च चिकित्सा शिक्षा का मौका मिलेगा। राज्य में डॉक्टरों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। यह कदम झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई उम्मीद और विकास का प्रतीक बनेगा।

इसे भी पढ़ें

बिहार में 18 नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे, स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं