ED office in Ranchi:
रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड में लंबे समय से फंसे जमीन विवाद के कारण अब रांची में नया कार्यालय खोलने के लिए 16,000 से 17,000 वर्गफीट क्षेत्रफल वाली जगह की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए ईडी ने टेंडर जारी कर नई जगह की मांग की है ताकि दूसरा कार्यालय स्थापित किया जा सके।
हिनू-एयरपोर्ट
वर्तमान में ईडी का झारखंड जोनल कार्यालय हिनू-एयरपोर्ट रोड स्थित पूर्व मंत्री और कोलेबिरा के पूर्व विधायक एनोस एक्का के बंगले में संचालित हो रहा है। यह बंगला मनी लांड्रिंग मामले में 2018 में जब्त किया गया था और 2021 से कार्यालय के रूप में उपयोग किया जा रहा है। उस समय इसकी कीमत लगभग 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई थी। ईडी ने नए कार्यालय के लिए प्राथमिक तौर पर हिनू, डोरंडा, अरगोड़ा, कडरू, अशोक नगर, गोंसाइटोला, शुक्ला कॉलोनी, सेटेलाइट कॉलोनी और मनीटोला इलाकों को चुना है।
सरकार ने 1.98 एकड़ जमीन
ईडी वर्ष 2018 से राज्य सरकार से पांच एकड़ जमीन की मांग कर रही है। हालांकि सरकार ने 1.98 एकड़ जमीन देने की सहमति दी थी और ईडी ने 4.10 करोड़ रुपये भी जमा कर दिए थे, लेकिन जमीन का हस्तांतरण अभी तक नहीं हुआ। इस पर ईडी ने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अधिकारियों पर मनमानी और भुगतान के बाद भी जमीन न देने का आरोप लगाया है।
जमीन विवाद का समाधान न होने के कारण ईडी ने अब वैकल्पिक कदम उठाते हुए रांची में अपने दूसरे कार्यालय के लिए नई जगह तलाशने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इससे ईडी की कार्यप्रणाली में व्यवधान कम होगा और मामलों की तेजी से जांच जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें
