Ranchi puja pandal: रांची के इस पूजा पंडाल में हेमंत-लालू की प्रतिमाएं

Juli Gupta
3 Min Read

Ranchi puja pandal:

रांची। रांची के दुर्गा पूजा पंडाल की खूब चर्चा हो रही है। इसकी वजह है पंडाल में स्थापित राजनीतिक हस्तियों की प्रतिमाएं। हालांकि इसके पहले भी राजनीतिक हस्तियों की प्रतिमाएं लगा कर यह समिति सूर्खियां बटोरती रही है। यहां इस बार भी मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ-साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी मां रूपी सोरेन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव तथा उनकी मां मरछिया देवी की प्रतिमाएं लगाई गई हैं।

इतना ही नहीं, पूजा पंडाल के बगल में एक और पंडाल बनाया गया है जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पीएम इन वेटिंग और तेजस्वी यादव को बिहार का भावी मुख्यमंत्री बताया गया है। इसके अलावा, एक प्रतिमा बनाकर उसके पीछे पोस्टर लगाकर लिखा गया है “चुनाव आयोग वोट चोर”। तेज प्रताप यादव की प्रतिमा भी बनाई गई है, लेकिन इसमें राबड़ी देवी उन्हें पीटते हुए दिख रही हैं।

पूजा समिति का तर्कः मां-बेटे के रिश्ते को दर्शाने की कोशिशः

नामकुम रेलवे स्टेशन के ठीक बगल में नामकुम नवयुवक संघ जय माता दी क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस पंडाल का निर्माण करवाया गया है। समिति के अध्यक्ष बिनोद सिंह ने बताया कि इस बार मां के थीम पर पंडाल का निर्माण किया गया है। यही वजह है कि मां दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी मां की गोद में बच्चा है। इसलिए माता दुर्गा की प्रतिमा के एक तरफ पिछड़ों के मसीहा लालू प्रसाद यादव और उनको जन्म देने वाली उनकी मां मरछिया देवी की प्रतिमा लगाई गई है। साथ ही एक तरफ आदिवासियों के मसीहा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी मां रूपी सोरेन की प्रतिमा लगाई गई है।

इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में 65 लाख से अधिक वोटों की चोरी हुई है, इसलिए चुनाव आयोग को “वोट चोर” दिखाया गया है। साथ ही, परिवार से अलग होकर निर्णय लेने वाले तेज प्रताप जी को मां के हाथों पिटाई भी लग रही है।

इसे भी पढ़ें

Ranchi Durga Puja Pandal 2025: रांची में कहां, किस थीम पर बन रहे भव्य दुर्गा पूजा पंडाल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं