JMM alliance: बिहार में JMM गठबंधन से अलग, झारखंड में…?

4 Min Read

JMM alliance:

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से अलग हो गया है। अब जेएमएम बिहार की 6 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। महागठबंधन में तेजस्वी जेएमएम को मात्र दो सीटें चकाई और कटोरिया दे रहे थे। जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि जिन सीटों पर NDA के खिलाफ हमारे कार्यकर्ता लंबे समय से संघर्ष करते आ रहे हैं, वो सीटें हमें मिलनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

राजद के प्रतिनिधि को 5 सालों तक मंत्री भी बनायाः

उन्होंने कहा कि, झारखंड में हमने 2019 में भी राजद, कांग्रेस को अपना समर्थन दिया था। उनको अपनी सीटें दी थी। राजद को तो केवल सीटें ही नहीं दी, बल्कि विजयी उम्मीदवार को 5 सालों तक मंत्री बनाया।
यही नहीं सम्मानजनक तरीके उनको मुख्यमंत्री ने अपने तमाम यात्राओं, कार्यक्रमों में प्रमुखता से स्थान दिया। 2024 के चुनाव में हम लोगों ने राजद को 6 सीटें और उनके विजयी एक प्रतिनिधि को अभी के वर्तमान कैबिनेट में महत्वपूर्ण स्थान दिया है।

इन 6 सीटों पर झामुमो लड़ेगी चुनावः

झामुमो अब बिहार विधानसभा चुनाव में चकाई, धमधाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती विधानसभा में प्रत्याशी उतारेंगा। इसमें कटोरिया और मनिहारी अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट हैं और पीरपैंती अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा होगीः

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि, हम लोगों ने 20 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। बिहार में एनडीए और महागठबंधन दोनों में विरोधाभास है। कई सीटों पर आपसी लड़ाई है। हम अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे।

सुप्रीयो भट्टाचार्य ने साफ किया कि चुनाव के बाद भी एक संभावना बन जाती है। हम राज्य में भी गठबंधन की समीक्षा करें। क्योंकि, हर बार धोखा, ये झामुमो के कार्यकर्ताओं के साथ एक खिलवाड़ है।

झारखंड में 7 सीटों पर लड़ी थी राजदः

झारखंड में राजद गठबंधन में चुनाव लड़ा था। 2024 विधानसभा चुनाव में जेएमएम 43, कांग्रेस 30 और राजद 7 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। इनमें राजद 4 सीटों बिश्रामपुर, देवघर, गोड्‌डा और हुसैनाबाद जीतने में सफल रही थी। राजद कोटे से जीतने वाले गोड्‌डा विधायक संजय प्रसाद यादव को झारखंड सरकार में मंत्री बनाया गया है। झारखंड में गठबंधन और सरकार में हिस्सेदारी का हवाला देकर जेएमएम बिहार महागठबंधन में हिस्सेदारी मांग रहा था।

महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर नहीं बनी सहमतिः

बिहार में फर्स्ट फेज के चुनाव को लेकर नॉमिनेशन खत्म हो गया है, लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बन पाई है। सीटों के बंटवारे को लेकर राजद, कांग्रेस, वामदल और वीआईपी में खींचतान मची है।
स्थिति यह है कि बिना सीट शेयरिंग की घोषणा के ही फर्स्ट फेज में 121 सीटों पर महागठबंधन के 125 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। 121 में राजद ने 72, कांग्रेस ने 24, लेफ्ट ने 21, वीआईपी ने 6 और आईआईपी ने 2 सीटों पर नामांकन भर दिया है।

फर्स्ट फेज के नामांकन में चार सीटें ऐसी हैं जहां गठबंधन के प्रत्याशी ही आमने-सामने हैं। दोनों फेज की बात करें तो 11 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियां एक दूसरे के आमने-समाने लड़ रही हैं। राजद ने तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की सीट पर ही कैंडिडेट उतारने का फैसला कर लिया है।

इसे भी पढ़ें

श्रद्धालुओं से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, 17 लोग डूबे, 4 की तलाश जारी

Share This Article
Exit mobile version