Ved Prakash Sharan Passes away: वरिष्ठ पत्रकार और रांची यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रो-वीसी डॉ. वेद प्रकाश शरण का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

2 Min Read

Ved Prakash Sharan Passes away:

रांची। शिक्षा और पत्रकारिता जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर है। रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो-वाइस चांसलर, अनुभवी शिक्षक और जाने-माने पत्रकार प्रो. डॉ. वेद प्रकाश शरण का बुधवार तड़के निधन हो गया। 80 वर्षीय डॉ. शरण ने रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में सुबह करीब 3 बजे अंतिम सांस ली। परिवार वालों ने बताया की वे 2021 से ही किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। डॉ. वेद प्रकाश शरण के निधन की खबर से झारखंड के शिक्षा जगत, पत्रकारिता जगत राजनिति में शोक की लहर फैल गई है। उनके योगदान को याद करते हुए कई प्रमुख हस्तियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

दीपिका पांडेय सिंह ने जताया शोक

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो–वाइस चांसलर के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

बताते चलें कि प्रो. डॉ. वेद प्रकाश शरण का शैक्षणिक जीवन अत्यंत समृद्ध रहा। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय में प्रो-वीसी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले वे सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में पॉलिटिकल साइंस विभाग के अध्यक्ष रहे और कॉलेज के पत्रकारिता विभाग के निदेशक के रूप में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने तीन दशक से अधिक समय तक सक्रिय पत्रकारिता की और प्रतिष्ठित अखबार ‘द स्टेट्समैन’ से लंबे समय तक जुड़े रहे। वे रांची प्रेस क्लब के संस्थापक संयुक्त सचिव भी रह चुके थे। राजनीतिक क्षेत्र में भी डॉ. शरण सक्रिय रहे और कांग्रेस पार्टी की झारखंड प्रदेश इकाई के पूर्व मुख्य प्रवक्ता के रूप में उन्होंने अपनी भूमिका निभाई। उनके निधन को झारखंड के बौद्धिक, शैक्षणिक और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Share This Article