देर रात बार में हुई हत्या से दहली रांची

2 Min Read

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक बार में घुसकर पश्चिम बंगाल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

युवक इस बार में डीजे था। उसकी पहचान संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी डीजे के रूप में हुई है। यह बार रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में है।

घटना रविवार देर रात को घटी। एक्स्ट्रीम बार से पुलिस को रात के करीब 1 बजे इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चुटिया थाना की पुलिस ने घायल अवस्था में उसे रिम्स पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बार बंद होने के बाद 4-5 युवक वहां पहुंचे। बार के स्टाफ से किसी बात पर उनका विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि इन युवकों में एक ने बार में डीजे चलाने वाले युवक को गोली मार दी। गोली संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी डीजे की छाती में लगी।

गोली लगते ही वह गिर पड़ा। इसके बाद गोली चलाने वाले सभी युवक वहां से फरार हो गए। देर रात बार में हुई गोलीबारी की घटना की जांच के लिए रांची के एसएसपी, एसपी, सिटी डीएसपी के अलावा चुटिया एवं कोतवाली के थाना प्रभारी पहुंचे।

पुलिस अधिकारी सीसीटीवी की जांच कर रहे हैं। साथ ही बार के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ भी कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें

कोलकाता बना तीसरी बार IPL 2024 का चैंपियन… फाइनल में हैदराबाद को हराकर जीता खिताब

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं