Ranchi newlywed mysterious death: रांची में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

Juli Gupta
3 Min Read

Ranchi newlywed mysterious death:

रांची। रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। रमजान कॉलोनी में रहने वाली 21 वर्षीय सजबीन परवीन का शव सोमवार रात उसके ससुराल के कमरे में मिला। मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सजबीन की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।मौत की खबर मिलते ही सजबीन के परिजन रांची पहुंचे। इस दौरान ससुराल और मायके पक्ष के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर लोअर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सजबीन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने और पैसों की मांग का दबाव बनाया जा रहा था। जब यह मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के पिता और भाई ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा ने बताया

लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सजबीन की मौत सोमवार रात करीब 8 बजे हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना रात करीब 2 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी भी मामले को संदेहास्पद बना रही है। पुलिस इस केस की जांच हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से कर रही है।फिलहाल मृतका के पति जहीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उस कमरे की एफएसएल जांच भी कराई है, जहां शव मिला था। हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मृतका के भाई ने बताया कि सजबीन की शादी 13 जून 2025 को रांची के एक होटल में हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Share This Article