Postal service halted:
रांची। झारखंड के डाकघरों में हाल ही में लागू किए गए एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी सॉफ्टवेयर ने लोगों की सुविधा बढ़ाने के बजाय परेशानी का सबब बन गया है। 21 जुलाई से शुरू हुए इस अपडेट के बाद से अधिकांश डाकघरों में लिंक फेल की समस्या सामने आ रही है, जिससे स्पीड पोस्ट, मनी ट्रांसफर और बीमा जैसी प्रमुख सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे ज्यादा असर रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर पड़ा है। बहनें अपने भाइयों को समय पर राखी भेजने के लिए डाकघर पहुंच रही हैं, लेकिन लिंक फेल होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। रांची जीपीओ और नामकुम डाकघर में मंगलवार को यही स्थिति देखने को मिली।
सविता कुमारी ने बताया
नामकुम डाकघर पहुंचीं सविता कुमारी ने बताया कि वह लगातार तीन दिन से कोशिश कर रही हैं लेकिन हजारीबाग में रहने वाले भाई के लिए राखी नहीं भेज पा रही हैं। वहीं सुष्मिता, चंद्रानी और माला जैसी महिलाएं भी अपनी राखी लेकर घंटों लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन निराश होकर लौट गईं। सुष्मिता ने कहा, “अगर कल तक राखी नहीं भेजी तो कोलकाता समय पर नहीं पहुंचेगी।”
डाकघरों की बैंकिंग
यह समस्या सिर्फ राखी भेजने तक सीमित नहीं है। डाकघरों की बैंकिंग, बीमा और मनी ट्रांसफर सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। लोगों का कहना है कि सॉफ्टवेयर लागू करने से पहले डाक कर्मचारियों को पूरी ट्रेनिंग मिलनी चाहिए थी। इसी बीच कई लोग अब निजी कुरियर सेवाओं और ऑनलाइन माध्यमों का सहारा ले रहे हैं, जिससे खर्च बढ़ रहा है लेकिन समय पर राखी पहुंचने की उम्मीद भी बनी हुई है।
हालात जल्द सुधरेंगे:
रांची डीपीओ के वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने कहा कि यह समस्या अस्थायी है और बुधवार से सभी सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहनों की राखी समय पर भाइयों तक पहुंचेगी।
इसे भी पढ़ें
डाक विभाग में ग्रामीण सेवक के पद पर बंपर बहाली, ऐसे करें आवेदन








