National Herald case: नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस को बड़ी राहत, राहुल–सोनिया के समर्थन में BJP कार्यालय का घेराव

3 Min Read

National Herald case:

रांची। नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बड़ी राहत मिलने के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने को कांग्रेस ने “सत्य की जीत” बताया है। इसी फैसले से उत्साहित होकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को राज्य भाजपा कार्यालय का घेराव किया।

यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हरमू स्थित झारखंड भाजपा कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि ईडी की कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा था।

अदालत के फैसले को बताया सत्य की जीत

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट किया है कि मनी लॉन्ड्रिंग का मामला तभी बनता है जब किसी मूल अपराध (प्रिडिकेट ऑफेंस) की विधिवत जांच दर्ज हो। कोर्ट के अनुसार, यह चार्जशीट एक निजी शिकायत पर आधारित थी, जिस पर सीधे संज्ञान नहीं लिया जा सकता। कांग्रेस ने इसे अपनी लंबे समय से की जा रही दलीलों की पुष्टि बताया।

भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना एफआईआर के सोनिया गांधी और राहुल गांधी को वर्षों तक परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला भाजपा की राजनीतिक साजिश का हिस्सा था, जिसे अब न्यायपालिका ने खारिज कर दिया है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

घेराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी। प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, छात्र संगठन और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि अदालत का फैसला यह साबित करता है कि अंततः सत्य की ही जीत होती है और लोकतंत्र में न्यायपालिका की भूमिका सर्वोपरि है।

Share This Article