Latehar illegal coal
लातेहार। लातेहार में अवैध कोयला खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसी उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने बालूमाथ थाना क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ ये कार्रवाई की। एसडीओ अजय रजक के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में घुटाम पंचायत के 12 नंबर खदान के पास से लगभग 720 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।
जब्त कोयला बालूमाथ थाना को सौंप दिया गया है। टीम को मौके पर बड़े पैमाने पर कोयला उत्खनन के निशान मिले, जहां गहरे गड्ढे बनाकर कोयला निकाला जा रहा था। टास्क फोर्स ने हरैयाखांड में भी छापेमारी की, लेकिन वहां कुछ बरामद नहीं हुआ।
डीसी को मिली थी गुप्त सूचनाः
एसडीओ अजय रजक ने बताया कि डीसी को गुप्त सूचना मिली थी कि घुटाम क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम गठित कर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कोयला कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पहचान होने पर सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही जिस भूमि पर अवैध उत्खनन हुआ है, उसके मालिक की पहचान के निर्देश भी दिए गए हैं।
छापेमारी में ये थे शामिलः
छापेमारी दल में बालूमाथ और हेरहंज के सीओ, खान निरीक्षक पद्मलोचन पोद्दार सहित बालूमाथ थाना की पुलिस टीम शामिल थी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाईः
डीएमओ नदीम शफी ने बताया कि जिले में किसी भी तरह का अवैध खनन या खनिजों का परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले 17 मार्च 2025 को भी इसी स्थान पर अवैध कोयला उत्खनन का मामला सामने आया था, जिसमें कई लोगों के खिलाफ बालूमाथ थाना कांड संख्या 26/25 दर्ज किया गया था।








