Jharkhand Rabi Crop Update: लक्ष्य से पीछे रबी की बोआई, अब तक सिर्फ 28% खेतों में खेती

3 Min Read

Jharkhand Rabi Crop Update:

रांची। झारखंड में चालू रबी सीजन के दौरान फसल की बोआई तय लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में रबी फसलों के लिए 1558.75 हजार हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन अब तक करीब 440 हजार हेक्टेयर में ही बोआई हो पाई है। यह कुल लक्ष्य का लगभग 28 प्रतिशत है। हालांकि विभाग का कहना है कि खरीफ सीजन में अच्छी बारिश के कारण खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे रबी की खेती की प्रक्रिया अभी भी जारी है।

धान कटाई में देरी का असर

अधिकारियों के अनुसार धान की कटाई में हुई देरी का सीधा असर रबी फसलों की समय पर बोआई पर पड़ा है। कई जिलों में किसान अभी भी धान की कटाई में जुटे हुए हैं, जिसके कारण खेत समय पर खाली नहीं हो पाए। इसके बावजूद पिछले साल की तुलना में इस बार गेहूं, दलहन और तेलहन की बोआई में कुछ सुधार देखा गया है।

गेहूं, दलहन और तेलहन में सुधार

बीते वर्ष गेहूं के लिए 283 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य था, लेकिन केवल 64 हजार हेक्टेयर में ही बोआई हो सकी थी। इस साल अब तक करीब 76 हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती हो चुकी है। दलहन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल 577 हजार हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 144 हजार हेक्टेयर में दलहन बोया गया था, जबकि इस बार अब तक 152 हजार हेक्टेयर में दलहन की खेती हुई है। तेलहन में भी स्थिति बेहतर है और अब तक करीब 204 हजार हेक्टेयर में बोआई पूरी हो चुकी है।

फसलवार लक्ष्य और स्थिति

इस रबी मौसम में कृषि विभाग ने गेहूं की तुलना में दलहन और तेलहन के लिए अधिक लक्ष्य तय किया है। गेहूं के लिए 283 हजार हेक्टेयर, दलहन के लिए 577 हजार हेक्टेयर और तेलहन के लिए 662 हजार हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित है। अधिकारियों का कहना है कि देर से बोआई के बावजूद कम अवधि में तैयार होने वाली उन्नत किस्मों के जरिए किसान लक्ष्य को काफी हद तक पूरा कर सकते हैं।

Share This Article