Ranchi ISIS hideout:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से आतंकी संगठन ISIS का खतरनाक नेटवर्क उजागर हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हालिया छापेमारी में आतंकी दानिश के ठिकाने का खुलासा किया, जिसे संगठन ने विस्फोटक बनाने और आतंकियों की भर्ती का हेडक्वार्टर बना रखा था। इस पूरे नेटवर्क का वीडियो भी सामने आया है, जिसने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
ऑनलाइन चल रही थी आतंक की क्लास
स्पेशल सेल की जांच में सामने आया कि पाकिस्तान से ऑनलाइन क्लासेस ऑपरेट की जा रही थीं। दानिश अपने लैपटॉप के जरिए बम बनाना सीख रहा था और अमेजॉन से केमिकल और हथियार मंगवा रहा था। वह PETN और TATP जैसे खतरनाक बम तैयार करने में माहिर हो गया था। इन विस्फोटकों का ट्रायल वह रांची की सोनरेखा नदी में करता था।
BJP और RSS नेताओं पर था निशाना
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ISIS के इस मॉड्यूल का मकसद भारत में बड़े हमले करना था। आतंकियों के टारगेट पर BJP और RSS के वरिष्ठ नेता समेत कई वीवीआईपी थे। ठिकाने से विस्फोटक सामग्री, पोटेशियम नाइट्रेट और हथियार बनाने के ब्लूप्रिंट भी मिले हैं।
कैसे बना ISIS का ठिकाना
दानिश, रांची के तबारक लॉज में बतौर पीजी रह रहा था और खुद को SSC की तैयारी करने वाला छात्र बताता था। यहीं से उसने पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में आकर आतंकवाद की राह पकड़ ली। सिग्नल ऐप पर “Interns Interview Business Idea” नामक ग्रुप बनाकर वह आतंकियों की ऑनलाइन भर्ती और फंडिंग करता था।
स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई
कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और बेंगलुरु में एक साथ छापेमारी कर दानिश समेत 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से हथियार और बड़ी मात्रा में केमिकल बरामद हुए। ये आतंकी टारगेट किलिंग और धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश रच रहे थे।
इसे भी पढ़ें
एनआईए ने पंजाब में खालिस्तानी आतंकवादी की अचल संपत्ति जब्त की








