Irregularities in appointment:
रांची। अब JSSC द्वारा आयोजित सहायक आचार्य की नियुक्ति में भी गड़बड़ियां सामने आने लगी हैं। गड़बड़ियां भी ऐसी हैं, जो साफ दिख रही हैं। किसी अभ्यर्थी का चयन दो बार हो गया है, तो किसी को दो-दो आरक्षण कोटि में लाभ मिल गया है। बता दें कि JSSC द्वारा सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के रिजल्ट विषयवार जारी किये जा रहे हैं। इसी बीच रिजल्ट में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है।
इस प्रकार की गड़बड़ियां आईं सामनेः
कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें एक ही अभ्यर्थी दो-दो आरक्षित श्रेणियों में पास हो गए। एक मामला सरायकेला-खरसावां जिले का है जहां एक अभ्यर्थी अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) और पिछड़ा वर्ग (BC) दोनों में चयनित हुआ है। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जनजाति (ST) दोनों श्रेणियों में सफल रहा।
साहिबगंज जिले से भी एक अभ्यर्थी का नाम अनारक्षित और अत्यंत पिछड़ा वर्ग, दोनों सूचियों में पाया गया है। जबकि भाषा विषय के एक अभ्यर्थी का चयन दुमका और पूर्वी सिंहभूम दोनों जिलों में हो गया है।
एक जिला और एक ही आरक्षित वर्ग में हो सकता है चयनः
नियमानुसार, एक अभ्यर्थी का चयन केवल एक ही आरक्षित वर्ग और एक ही जिले में हो सकता है, लेकिन रिजल्ट में नियमों की अनदेखी हुई है।
गंभीर चूक का परिणामः
इस मामले में परीक्षा विशेषज्ञ मोहम्मद ताहिर हुसैन ने कहा कि आरक्षित वर्ग में नियुक्ति के नियम स्पष्ट हैं और एक ही व्यक्ति का अलग-अलग श्रेणियों में चयन संभव नहीं है। यह गड़बड़ी रिजल्ट तैयार करने और जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर चूक है।
इसे भी पढ़ें
