लोहरदगा के नदिया स्कूल से हिंदू और चास के स्कूल से रामरुद्र शब्द हटाया, विरोध शुरू

3 Min Read

रांची : शिक्षा विभाग का झारखंड के स्कूलों के नामकरण में किया जा रहा बदलाव लोगों को रास नहीं आ रहा है। लोहरदगा के नदिया स्कूल और चास के एक स्कूल से रामरुद्र शब्द हटाने का तो विरोध शुरू हो गया है। शिक्षा विभाग के एक आदेश के बाद नदिया हिंदू हाई स्कूल का नाम डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस लोहरदगा, नदिया कर दिया गया है।

वहीं, चास बोकारो के रामरुद्र प्लस टू हाईस्कूल से रामरुद्र शब्द को भी हटा दिया गया है। दरअसल, राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के नाम के साथ अब सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जोड़ा जायेगा और इसी क्रम में स्कूलों के नाम में बदलाव किया जा रहा है। हालांकि लोहरदगा के नदिया हिंदू हाई स्कूल के नाम से हिंदू शब्द हटाये जाने को लोग विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि शिक्षा विभाग अपना निर्णय वापस ले और स्कूल का पुराना नाम बरकरार रहे। लोहरदगा के नदिया हिंदू हाई स्कूल की स्थापना आजादी के पहले 1931 ईस्वी में हुई थी।

बिड़ला परिवार ने स्कूल बनाने के लिए अपनी जमीन दान में दी थी। बाद में बिहार सरकार ने स्कूल का अधिग्रहण कर लिया था। उस समय भी बिड़ला परिवार ने शर्त यही रखी थी कि हम जमीन सरकार को देंगे लेकिन स्कूल का नाम नदिया हिंदू हाई स्कूल ही रहेगा। इसके बाद 25 एकड़वाले इस विद्यालय पर बिहार सरकार का कब्जा हो गया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोहरदगा से सांसद सुदर्शन भगत ने भी झारखंड सरकार के इस निर्णय का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय गलत है और यह तुष्टीकरण की हद है। 

शिक्षाविद मदन मोहन पांडेय ने कहा कि जमीन दान में देते समय यह शर्त रखी गयी थी कि स्कूल का नाम नदिया हिंदू उच्च विद्यालय ही होगा। इस भवन के निर्माण में राय साहब बलदेव साहू, श्री कृष्ण साहू और मनु बाबू समेत कई लोगों ने आर्थिक मदद की थी। नियम यह भी है कि आप किसी भी स्कूल का नाम नहीं बदल सकते। स्कूल से हिंदू नाम हटाना सरासर गलत है। गौरतलब है कि नदिया हिंदू हाई स्कूल के साथ कई अन्य स्कूलों के नाम भी बदलावा किया गया है।

इन स्कूलों के नाम में किया गया है बदलाव

आरके प्लस टू गर्ल्स स्कूल गढ़वा के नाम से आरके शब्द हटाया गया

गवर्नमेंट सीडी गर्ल्स स्कूल झुमरीतिलैया के नाम से सीडी शब्द हटाया गया

एसएसएलएनटी गवर्नमेंट गर्ल्स प्लस टू स्कूल धनबाद के नाम से एसएसएलएनटी हटाया गया

अपग्रेड प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू स्कूल नवाडीह में रामरुद्र जोड़ कर स्कूल को चास में बताया

एसएस गर्ल्स हाईस्कूल रामगढ़ कैंट से एसएस हटाया गया

जिला स्कूल हजारीबाग विद्यालय से जिला हटाया गया

रामरुद्र प्लस टू हाईस्कूल चास से रामरुद्र हटा कर शुरू में एलएनटी जोड़ा गया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं