HIL Ranchi launch:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी का तड़का लगने जा रहा है। मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हीरो हॉकी इंडिया लीग (महिला) के दूसरे सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्टेडियम से लेकर शहर की सड़कों तक उत्साह दिख रहा है।
हॉकी प्रेमियों के लिए रोमांच तब और बढ़ गया जब यह खबर सामने आई कि लीग के उद्घाटन समारोह में मिस वर्ल्ड 2017 और बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर अपनी रंगारंग प्रस्तुति से समां बांधेंगी। खेल और मनोरंजन के इस संगम को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह है।
28 दिसंबर को होगा महिला हॉकी लीग का आगाजः
हॉकी इंडिया की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महिला हॉकी लीग की शुरुआत 28 दिसंबर से होगी। पहले मुकाबले की सीटी शाम 6:30 बजे बजेगी। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के गेट शाम 5 बजे से खोल दिए जाएंगे, ताकि लोग समय से पहुंचकर उद्घाटन समारोह का आनंद ले सकें।
रांची पहले भी कई बड़े हॉकी आयोजनों की मेजबानी कर चुकी है और इस बार भी शहर खेल प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव देने को तैयार है। महिला हॉकी लीग न केवल खिलाड़ियों को मंच देगी, बल्कि युवाओं को खेल से जुड़ने की प्रेरणा भी देगी।

