रांची : जब तक जन-जागरूकता नहीं आयेगी पर्यावरण की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकेगा। पर्यावरण के संरक्षण में मनुष्य की अहम भूमिका है। बुधवार को ये बातें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने कहीं।
वे विश्वविद्यालय में आयोजित विश्व पर्यावरण सप्ताह के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए सभी लोगों को सामने आना चाहिए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रो. सुरेश प्रसाद सिंह ने जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और घटते जल स्तर की समस्याओं जैसे प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए और भविष्य की बेहतरी के लिए सतत जीवन का पालन करने संबंधी सुझाव दिये।
छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा “ज़िंदगी कि असली उड़ान बाकी है, जिंदगी के कई इम्तिहान अभी बाकी है। अभी तो नापी है मुट्ठी भर ज़मीन हमने, अभी तो सारा आसमान बाकी है। पर्यावरण सप्ताह के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसमें जिन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया उन्हें पुरस्कृत किया गया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी दिया गया। 1 जून से 7 जून तक चले पर्यावरण सप्ताह में कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये।







