Election Commission:
रांची। चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड के सात गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया गया है। इन दलों में झारखंड की क्रांतिकारी पार्टी, झारखंड पार्टी (सेक्युलर), लोक जन विकास मोर्चा, राष्ट्रीय देशज पार्टी, राष्ट्रीय संगाइल पार्टी, झारखंड पीपल्स पार्टी और राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा शामिल हैं।
नोटिस का कारण
इन दलों ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों (2021-22 से 2023-24) का वार्षिक खाता विवरण निर्वाचन आयोग को समय पर नहीं दिया। इसके अलावा, विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने के बावजूद निर्धारित अवधि में व्यय विवरणी प्रस्तुत नहीं की गई। इसे जन प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 के उल्लंघन के रूप में देखा गया है।
आगे की प्रक्रिया
इन दलों को नौ अक्टूबर तक शपथ पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष पेश करना होगा। 16 अक्टूबर को रांची में सीइओ कार्यालय में सुनवाई होगी। यदि पक्ष नहीं रखा गया, तो संबंधित दलों को निष्क्रिय मानते हुए आयोग को सूचित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें








