मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही काम पर लौटे डॉक्टर
रांची। शुक्रवार को डॉक्टरों ने चंद घंटों में ही अपनी हड़ताल वापस ले ली और काम पर लौट गये। इसके साथ ही चिकित्सा व्यवस्था सुचारू ढंग से चालू हो गयी। आइएमए के सचिव डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने हड़ताल वापस लिये जाने की घोषणा की।
इससे पहले शुक्रवार को सुबह छह बजे से ही मेडिकल सेवाएं ठप कर दी गयी थीं। सुबह नौ बजे से डॉक्टर सभी अस्पताल परिसर में ही धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी बीच दस बजे सूचना आयी कि जमशेदपुर स्थित एमजीएम हॉस्पिटल में डॉ कमलेश उरांव के साथ की गई मारपीट के आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये हैं। यह सूचना मिलते ही डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर लौट आये।
उधर, आइएमए सचिव डॉ प्रदीप ने कहा कि मरीजों के हित में हड़ताल वापस ली गयी है, लेकिन उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने डॉक्टरों के साथ ऐसी घटनाएं रोकने, मेडिकल प्रोटेक्शन बिल लागू करने और सुरक्षा व्यवस्था फिर से अस्पताल प्रबंधन को वापस सौंपने की मांग की।
बता दें कि डॉ कमलेश उरांव के साथ हुई मारपीट के विरोध में एमजीएम के डॉक्टर पिछले तीन दिनों से हड़ताल कर रहे थे। उनके समर्थन में आइएमए के आह्वान पर पूरे राज्य के डॉक्टर शुक्रवार की सुबह से हड़ताल पर चले गये थे।








