रांची, एजेंसियां। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने गठबंधन में मिली सात सीटों में से बाकी की चार सीटों पर भी नाम तय कर लिये हैं।
रांची से सुबोधकांत सहाय, धनबाद से बेरमो विधायक जयमंगल उर्फ अनूप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह, चतरा से केएन त्रिपाठी और गोड्डा से प्रदीप यादव व दीपिका पांडेय सिंह का नाम आलाकमान को भेजा गया है।
स्क्रीनिंग कमेटी के संयोजक केपी राणा के साथ प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर के साथ प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की बैठक रविवार शाम को हुई।
इसमें चार सीटों पर प्रत्याशी के नाम पर चर्चा हुई। इसमें रांची, धनबाद और चतरा से एक-एक नाम भेजे गये हैं। वहीं गोड्डा से प्रदीप यादव और दीपिका पांडेय सिंह का नाम भेजा गया है।
विधायक यादव के खिलाफ एक महिला के यौन उत्पीड़न मामले में अदालत में चल रही कानूनी प्रक्रिया को देखते हुए पार्टी ने यहां विकल्प पर विचार किया है।
इसमें दीपिका पांडेय सिंह का नाम आगे बढ़ाया गया है। हालांकि स्क्रीनिंग कमेटी ने पूरा मामला केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया है।
दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दी गयी है। रविवार को खरगे दिल्ली से बाहर थे। वह देर शाम कानपुर से दिल्ली लौटे।
सोमवार को इन चार सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा हो सकती है। बताते चलें कि धनबाद में पूर्व सांसद ददई दुबे का नाम आगे चल रहा था।
वहीं अल्पसंख्यक कोटा से गोड्डा में फुरकान अंसारी का भी नाम पैनल में था, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने इनकी उम्र को देखते हुए इन नामों को स्वीकार नहीं किया।
इधर, रांची में सुबोधकांत सहाय का विकल्प नहीं मिला। हालांकि ताजा ताजा कांग्रेस में शामिल हुए रामटहल चौधरी भी दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने सुबोधकांत पर ही भरोसा करना बेहतर समझा।
इसे भी पढ़ें
रामनवमी को लेकर रांची की ट्रैफिक में बदलाव, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक








