Congress controversy: जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कांग्रेस में थम नहीं रहा विवाद

4 Min Read

Congress controversy:

रांची। झारखंड कांग्रेस में संगठन सृजन कार्यक्रम विवाद का केंद्र बन गया है। इसके माध्यम से जिला अध्यक्षों को बदलकर पार्टी ने ऐसा जोखिम उठा लिया है, जिसकी भरपाई में लंबा समय लगेगा। गड़बड़ियों को सुधारने के लिए केंद्रीय स्तर पर फार्मूले की तलाश भी हो रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी इसके मद्देनजर कुछ नए सांगठनिक जिलों के निर्माण के पक्ष में हैं। इन जिलों में धनबाद महानगर और जमशेदपुर महानगर को लेकर उन्होंने केंद्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात भी की है। दूसरी ओर, जातिगत समीकरण को साधने के लिए कुछ जिलों में कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की बात भी चल रही है। इस बीच, कोडरमा से शुरू हुआ विरोध धीरे-धीरे प्रदेश के अन्य जिलों में पहुंच गया है। धनबाद और कोडरमा जिला के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मंगलवार को रांची पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया।

कई जिलों में हंगामाः

धनबाद, हजारीबाग, पलामू आदि जिलों में हंगामा शुरू हो चुका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस माह के अंत तक विरोध और बढ़ जायेगा।

नए जिलाध्यक्षों के चयन के बाद से बढ़ा कलहः

नए जिलाध्यक्षों के चयन के बाद से कलह बढ़ा है। प्रदेश कांग्रेस ने तमाम गड़बड़ियों की भरपाई करने का फार्मूला तलाशना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के.राजू ने इसी क्रम में कई सुझावों के साथ केंद्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने नए सांगठनिक जिलों के गठन और कुछ जिलों में कार्यकारी अध्यक्षों के चयन को लेकर चर्चा भी की है।

इन जिलों में महानगर इकाई के गठन का प्रस्तावः

जमशेदपुर और धनबाद में महानगर कांग्रेस इकाई के गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है, तो कुछ जिलों में जातीय समीकरण को साधने के लिए कार्यकारी अध्यक्षों को मनोनीत करने की बात चल रही है।
इन तमाम बातों पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू ने केंद्रीय महासचिव केसी वेणुगापाल से चर्चा कर रणनीति बनाई है।

कई जातियों की अनदेखीः

दरअसल, झारखंड में अच्छी खासी आबादी होने के बावजूद कहीं भी कायस्थ को जिलाध्यक्ष नहीं बनाया गया है। यही हाल तेली समुदाय के साथ भी है। पार्टी अब कुछ जिलों में इन दोनों वर्गों से नेताओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी। इसके लिए कार्यकारी अध्यक्ष का फार्मूला बनाया जा रहा है।

जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर पार्टी में रोषः

दूसरी ओर, जिलाध्यक्षों के चयन में पार्टी में रोष है। बाह्मणों के वर्चस्व वाले जिलों गढ़वा, पलामू में ब्राह्मण जिलाध्यक्ष नहीं बनाए गए हैं। इसी प्रकार मुट्ठी भर आबादी होने के बाद भी कोडरमा में धोबी समुदाय से प्रकाश रजक को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। बताते चलें कि कोडरमा जिले में यादवों का वर्चस्व है। इसी प्रकार देवघर में भी बगावत की आग सुलग रही है। जिलाध्यक्ष को लेकर शुरुआती शर्तों में यह कहा गया था कि कम से कम पांच साल का अनुभव रखनेवाले को ही जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा। देवघर में एकदम नए व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इससे वहां के कार्यकर्चा भी नाराज हैं।

इसे भी पढ़ें

Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव 2025: AIMIM की महागठबंधन में शामिल होने की कोशिश, मुस्लिम वोटों का बंटवारा बढ़ा सकता है सियासी समीकरण

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं