Ratnakar Memorial Award: रांची की लेखिका अंशिता सिन्हा को मिला ‘रत्नाकर स्मृति सम्मान’

Anjali Kumari
2 Min Read

Ratnakar Memorial Award

रांची। रांची की चर्चित लेखिका अंशिता सिन्हा को हिंदी साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘स्वर्गीय रामरतन प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान’ (रत्नाकर स्मृति सम्मान) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समारोह अशोक स्मृति संस्थान और साहित्य प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में जयप्रकाश नारायण की कर्मभूमि बिहार के नवादा जिले के सोखोदेवरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, पत्रकारिता और समाज सेवा से जुड़े देश-विदेश के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंशिता सिन्हा ने कहा

सम्मान प्राप्त करने के बाद अंशिता सिन्हा ने कहा कि जिस क्षेत्र में उनका जन्म हुआ और जहाँ उनका बचपन बीता, उसी भूमि पर सम्मान मिलना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि आगे भी वे साहित्य के माध्यम से अपने क्षेत्र और हिंदी भाषा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करती रहेंगी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा सदस्य अनिल सिंह, कार्यक्रम के संयोजक ओंकार शर्मा कश्यप, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. उषा सिन्हा सहित कई प्रतिष्ठित साहित्यकार और बुद्धिजीवी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि रत्नाकर स्मृति सम्मान साहित्य, पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान दिवंगत पत्रकार एवं साहित्यकार रत्नाकर भारती की स्मृति में आयोजित किया जाता है।

Share This Article