Ranchi Army area attack: आर्मी एरिया में सनसनी, रांची में महिला मेजर के घर पर हमला

Anjali Kumari
3 Min Read

Ranchi Army area attack

रांची। रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के करियप्पा एन्क्लेव में एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भारतीय सेना की एक महिला मेजर के सरकारी आवास पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला अधिकारी के साथ मारपीट की गई, जबकि उनका चार महीने का मासूम बच्चा भी घायल हो गया। पीड़िता की शिकायत पर खेलगांव ओपी में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इवनिंग वॉक के बाद हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी की शाम करीब सात बजे महिला मेजर रीना यादव अपने बच्चे के साथ इवनिंग वॉक कर घर लौटी थीं। घर के अंदर जाने के कुछ देर बाद बाहर से किसी ने “मैम” कहकर आवाज लगाई। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तभी दो अज्ञात व्यक्ति अचानक घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया।

लाइट बंद कर की गई मारपीट

एफआईआर के मुताबिक, एक हमलावर ने महिला अधिकारी को पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उनके बच्चे को जबरन छीनकर बाहर फेंक दिया। इसके बाद महिला को घसीटकर बैठक कक्ष में ले जाया गया, जहां लाइट बंद कर उनके साथ मारपीट की गई। किसी तरह साहस दिखाते हुए महिला अधिकारी घर से बाहर निकलने में सफल रहीं, जिसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

मां और बच्चे को आई चोट

हमले में महिला मेजर के होंठ कट गए, जबकि बच्चे के सिर में सूजन आ गई। दोनों का इलाज सैन्य पॉलिक्लिनिक में कराया जा रहा है। बच्चे की तबीयत को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। 24 जनवरी को इलाज के कारण देरी हुई और 25 जनवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आर्मी एरिया में हुई इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article