Ranchi weddings 2025:
रांची। लंबे समय बाद रांची में शहनाई की धुनें सुनाई दे रही हैं। ऋषिकेश पंचांग के अनुसार नवंबर और दिसंबर में कुल 13 लग्न दिवस हैं और अब केवल 11 लग्न दिवस बचे हैं। इन 11 दिनों में रांची में 4000 शादियां होने जा रही हैं। इस वर्ष लग्न दिवस काफी कम हैं, जिससे शहर के होटल, बैंक्वेट हॉल और धर्मशालाएं लगभग 90% से अधिक बुक हो चुकी हैं।
लग्न दिवस कम होने के कारण लोगों को होटलों और हॉल में जगह नहीं मिल पा रही है। बाजार में रौनकः
शादी-समारोह की बढ़ती मांग से बाजार में रौनक है। कैटरिंग, फूलों, सजावट, कपड़े और ज्वेलरी की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। कई व्यापारी इस अवसर को देखते हुए विशेष ऑफर और पैकेज पेश कर रहे हैं।

छोटे और मंझोले कारोबारियों को भी फायदाः
बाजार में रौनक होने से न सिर्फ होटल और हॉल संचालकों को लाभ हो रहा है, बल्कि छोटे और मध्यम व्यवसायी भी इस सीजन का फायदा उठा रहे हैं। होटल रेडिशन ब्लू प्रबंधन ने बताया कि नवंबर और दिसंबर में उनके होटल लगभग बुक हो चुके हैं। अब लोग जनवरी-फरवरी के लिए बुकिंग करा रहे हैं। रांची ही नहीं आसपास व अन्य जिलों के लोगों के कारण भी बाजार में रौनक है।
ऋषिकेश पंचांग के अनुसार विवाह लग्न के मुहूर्तः
नवंबर 18, 19, 21, 22, 24, 24, 25, 29, 30
दिसंबर 01, 04, 05, 06
वर्ष 2026 मेः
फरवरी 04, 05, 06, 07, 08, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 19, 20, 21, 24, 25, 26
मार्च 02, 04,05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12, 13, 14
विवाह के सबसे अच्छे मुहूर्तः
ऋषिकेश पंचांग के अनुसार 22 नवंबर को शाम 6.53 से 9.07 बजे तक, 23 नवंबर, 24, 29, 4 दिसंबर, 5 दिसंबर, 5 फरवरी, 12 फरवरी, 9 मार्च, 10 मार्च व 14 मार्च। ज्योतिषाचार्य प्रणव मिश्रा ने कहा कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शादी के शुभ योग के लिए बृहस्पति, शुक्र और सूर्य का शुभ होना जरूरी है। रवि गुरु का संयोग सिद्धिदायक और शुभ फलदायी होते हैं । इन तिथियों पर शादी-विवाह को बेहद शुभ माना गया है।
शादियों पर महंगाई की मारः
शादी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार शादी काफी महंगी हो गई है। फूल, कैटरिंग, इवेंट वालों ने पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 10-15 प्रतिशत तक चार्ज बढ़ा दिया है। सब्जियां और खाद्य पदार्थ महंगे होने के कारण खाने की थाली भी महंगी हो गई है। पिछले साल 800 रुपए मिलने वाली थाली इस साल 1008 रुपए है। सोना-चांदी भी पिछले साल की तुलना में दोगुने दाम पर बिक रहे हैं।



