Flight cancelled in Ranchi
रांची। खराब मौसम के कारण रविवार को रांची एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम और तकनीकी कारणों की वजह से एक उड़ान को रद्द करना पड़ा, जबकि दो विमानों को कोलकाता डायवर्ट किया गया। इसके अलावा कई उड़ानें अपने तय समय से देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की बेंगलुरु–रांची उड़ान को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट किया गया। यह विमान सामान्य रूप से सुबह 9:35 बजे रांची पहुंचता है, लेकिन कोलकाता डायवर्जन के बाद दोपहर 1:30 बजे रांची पहुंच सका। इसी तरह एयर इंडिया की मुंबई–रांची उड़ान भी मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दी गई। यह विमान सुबह 10:30 बजे रांची आने वाला था, लेकिन करीब दोपहर 2 बजे रांची पहुंचा।
यात्रियों को परेशानी
कोलकाता डायवर्ट किए गए दोनों विमान दोपहर करीब 3 बजे रांची से अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए। उड़ानों में देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने समय पर जानकारी नहीं मिलने को लेकर नाराजगी भी जताई। वहीं, रात में मौसम और अधिक खराब होने के चलते एयर इंडिया की दिल्ली–रांची उड़ान को रद्द कर दिया गया। यह विमान रात 9 बजे रांची पहुंचने वाला था। उड़ान रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। खराब मौसम के चलते दिनभर रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

