Ranchi traffic police action: ध्वनि प्रदूषण पर रांची ट्रैफिक पुलिस का कड़ा एक्शन, 250 प्रेशर हॉर्न और 400 साइलेंसर के तेज आवाज पर लगा लगाम

2 Min Read

Ranchi traffic police action:

रांची। राजधानी में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में शनिवार को चलाए गए इस अभियान में 250 से अधिक प्रेशर हॉर्न और लगभग 400 अवैध एवं तेज आवाज वाले साइलेंसर को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर से नष्ट किया गया। यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई।

अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाया

पिछले कुछ दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाकर कुल 700 से अधिक प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए थे। इन उपकरणों को शनिवार को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया ताकि नागरिकों में यह संदेश जाए कि तेज आवाज वाले उपकरणों का उपयोग अवैध है और इससे शहर में शांति और सुरक्षा प्रभावित होती है।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि बुजुर्ग, मरीज और स्थानीय लोग अस्पतालों के आसपास और रात के समय तेज आवाज वाले साइलेंसर से परेशान थे। ऐसे उपकरण न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों का ध्यान भटकाने और दुर्घटना के खतरे को बढ़ाने वाले भी हैं।

एसपी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ उनके वाहनों से अवैध साइलेंसर और हॉर्न जब्त किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मानकों के अनुसार ही हॉर्न और साइलेंसर का इस्तेमाल करें और शहर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।

इस अभियान के जरिए ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों को यह संदेश दिया कि रांची में ध्वनि प्रदूषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।

Share This Article