Ranchi Republic Day 2026: रांची में 26 जनवरी की तैयारियां अंतिम चरण में, DC-SSP ने किया परेड का निरीक्षण

3 Min Read

Ranchi Republic Day 2026

रांची। 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के राज्यस्तरीय समारोह को लेकर शनिवार को मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में संपन्न हुआ। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को रियल टाइम आधार पर दोहराया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या अव्यवस्था से बचा जा सके।

रिहर्सल के दौरान डीसी और एसएसपी ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को संबोधित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने अनुशासन, समयबद्धता और तालमेल पर विशेष जोर दिया।

रिहर्सल के बाद पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद समारोह में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस ब्रीफिंग में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अपर जिला दंडाधिकारी, रांची द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जारी संयुक्त आदेश के संबंध में सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई।

संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। डीसी ने झांकियों के निर्धारित समय-सीमा में प्रदर्शन, सुदृढ़ मेडिकल व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए

वहीं एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पूर्व सघन फ्रीस्किंग की जाए और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने झांकियों के सुचारू और अनुशासित प्रदर्शन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय सेना, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, झारखंड जगुआर, जेएपी, डीएपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियां परेड में भाग लेंगी। वहीं आर्मी, जेएपी और होमगार्ड की बैंड पार्टियां समारोह के दौरान आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी।

Share This Article