Ranchi railway station
रांची। रांची रेलवे स्टेशन की दक्षिण दिशा में निर्मित दूसरा प्रवेश द्वार मार्च महीने से नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ परिचालन में आ जाएगा। इसकी जानकारी रांची रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणानिधि सिंह ने दी। दूसरे प्रवेश द्वार के चालू होने से यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी और स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।
डीआरएम ने बताया
डीआरएम ने बताया कि पिस्का, लोहरदगा और मुरी रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत योजना के तहत उन्नत पुनर्विकास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रांची शहर के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंडल रेल अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 40 बिस्तरों से 60 बिस्तरों की कर दी गई है, जिससे रेलकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
यात्री आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए डीआरएम ने बताया कि जनवरी से दिसंबर 2025 के दौरान रांची रेलमंडल से कुल 185.91 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 176.67 लाख थी। इस तरह यात्रियों की संख्या में 5.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राजस्व के मामले में भी बढ़ोतरी हुई है। डीआरएम के अनुसार, यात्री खंड से कुल 466.33 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.60 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने का उद्देश्य
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल में 16 एटीवीएम फैसिलिटेटर की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, रांची रेलवे स्टेशन पर जुलाई 2025 से और हटिया स्टेशन पर सितंबर 2025 से पारंपरिक क्लॉक रूम के स्थान पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और आधुनिक सुविधा मिल रही है।







