Ranchi railway block
रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के कारण रेल ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसका असर रांची रेल मंडल से होकर चलने वाली कई ट्रेनों पर पड़ेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग, टर्मिनल स्टेशन और ठहराव में बदलाव किया गया है।
जानकारी के अनुसार
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, बर्द्धमान–हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (13503/13504) एक फरवरी तक केवल गोमो स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी। इस अवधि में यह ट्रेन गोमो–हटिया–गोमो सेक्शन में रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की अपील की है।
जानिए ट्रेन रूट
वहीं टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस (18601) 31 जनवरी को अपने निर्धारित मार्ग चांडिल, पुरुलिया, कोटशिला और मुरी के स्थान पर परिवर्तित मार्ग चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी होकर चलाई जाएगी। इसके अलावा चक्रधरपुर मंडल से चलने वाली टाटानगर–हटिया मेमू (68035) के टर्मिनल स्टेशन में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन अब पांच फरवरी से टाटानगर की जगह आदित्यपुर स्टेशन से प्रस्थान करेगी और आदित्यपुर से इसका समय सुबह 4:35 बजे निर्धारित किया गया है।
ट्रेन का समय
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बोकारो स्टील सिटी–बर्द्धमान मेमू पैसेंजर (63520) को 31 जनवरी से अगले आदेश तक तीन स्टेशनों पर प्रयोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पुनदाग स्टेशन पर सुबह 3:46 बजे पहुंचेगी और 3:47 बजे रवाना होगी। बेगुनकोदर स्टेशन पर इसका आगमन सुबह 4:07 बजे और प्रस्थान 4:08 बजे होगा, जबकि झालिदा स्टेशन पर ट्रेन सुबह 4:12 बजे पहुंचेगी और 4:13 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन से जुड़ी अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।












