Ranchi ODI tickets:
रांची। 30 नवंबर को रांची में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला जायेगा। यह इस सीरीज का पहला मैच होगा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मुकाबला होगा। इसके लिए टिकटों की दरें तय कर दी गई हैं। इस मैच को देखने के लिए दर्शकों को कम से कम 1200 रुपए और अधिकतम 12,000 रुपए खर्च करने होंगे।
सबसे कम कीमत की टिकट ईस्ट और वेस्ट हिल के लिए रखा गया है, जबकि वीआईपी और हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के साथ प्रेसिडेंट एनक्लोजर का टिकट सबसे महंगा है। इस मैच को लेकर दर्शक काफी उत्साहित हैं।
कैटेगरी के अनुसार टिकट की कीमतः
सबसे सस्ते टिकट की कीमत 1200 रुपए (ईस्ट और वेस्ट हिल) है, वहीं विंग ए (लोअर टीयर) और विंग सी (लोअर टीयर) के लिए 1600 रुपए और अपर टीयर के लिए 1300 रुपए का टिकट है। विंग बी (लोअर टीयर) और विंग डी (लोअर टीयर) का टिकट क्रमश: 2200 रुपए और 2000 रुपए का होगा।
इसके अलावा, स्पाइस बॉक्स का टिकट 1900 रुपए का है। हाई-एंड सीटों में, हॉस्पिटैलिटी सुविधा के साथ अमिताभ चौधरी पवेलियन (प्रीमियम टेरेस) का टिकट 2400 रुपए है, जबकि कॉर्पोरेट लाउंज के लिए 10,000 रुपए और सबसे महंगा प्रेसिडेंट एनक्लोजर का टिकट 12,000 रुपए का है। एमएस धोनी पवेलियन में डोनर्स एनक्लोजर की सीट 1600 रुपए में, जबकि लग्जरी पार्लर (हॉस्पिटैलिटी) का टिकट 7500 रुपए में उपलब्ध होगा।
जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में भी मिलेंगे टिकटः
स्टेडियम के सदस्यों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री टिकट वितरण की प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू होगी। सदस्य अपने टिकट जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में 23 नवंबर को और रांची स्थित एम.एस. धोनी पवेलियन (जेएससीए स्टेडियम) में 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्राप्त कर सकेंगे। आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री की आधिकारिक जानकारी जल्द ही घोषित की जाएगी।
संभावना है कि यह 25 नवंबर के बाद शुरू होने की संभावना है। टिकटों की बिक्री स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास बने काउंटर और ऑनलाइन माध्यम, दोनों ही तरीकों से किए जाने पर विचार किया जा रहा है। जेएससीए ने स्पष्ट किया है कि ब्लैक में टिकटों की बिक्री रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि क्रिकेट प्रेमी आसानी से मैच का आनंद ले सकें।
टीमों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल और होटल की तैयारी पूरीः
दोनों टीमों के ठहरने के लिए होटल रेडिशन ब्लू को चुना गया है। एयरपोर्ट से होटल और अभ्यास स्थल तक विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा। मैच से पहले दोनों टीमें अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। फैंस की होने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए उनके आने-जाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।








