Cold wave Jharkhand
रांची। पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड में ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। रांची के मैक्लुस्कीगंज में तो पारा माइनस में पहुंच गया, जिससे ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को मैक्लुस्कीगंज के लपरा निवासी एंग्लो समुदाय के नेलसन पॉल बॉबी गॉर्डन ने अपने तापमान मापक यंत्र से न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में डिजिटल मीटर से न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अत्यधिक ठंड के कारण सुबह के समय ओस की बूंदें जम गईं और घास, पत्तों व वाहनों पर बर्फ की सफेद परत बिछ गई। खेतों में भी बर्फ की चादर बिछी नजर आई।
कांके का पारा 2 डिग्री
राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में महिला की मौत
इधर, ठंड की चपेट में आकर रांची के ओल्ड एचबी रोड स्थित लग्न कॉम्पलेक्स के पास 50 वर्षीय महिला रेखा देवी की मौत हो गई। वह कांके रोड के चांदनी चौक इलाके की रहने वाली थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ठंड बताया जा रहा है।
घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। डालटनगंज में विजिबिलिटी घटकर मात्र 300 मीटर रह गई, जबकि देवघर में यह 600 मीटर रिकॉर्ड की गई। बीते 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम शुष्क रहा, हालांकि कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया।
अभी जारी रहेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 8 जनवरी को दक्षिणी झारखंड (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां), उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र (पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार) और मध्य भाग (रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला, बोकारो) में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 10 से 12 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
जनजीवन अस्त व्यस्त
खलारी कोयलांचल और मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र में ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। दोपहर बाद धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन सुबह और रात की ठंड अब भी बेहद तीखी बनी हुई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से गर्म कपड़े पहनने, अलाव का सुरक्षित उपयोग करने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं सामाजिक संगठनों ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की मांग तेज कर दी है।

