Pahari Mandir Shiv Baraat: महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर से निकलेगी भव्य शिव बारात, सीएम हेमंत करेंगे दीप प्रज्वलन

2 Min Read

Pahari Mandir Shiv Baraat:

रांची। महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर रविवार दोपहर तीन बजे पहाड़ी मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात का आयोजन महासमिति द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर शिव बारात को रवाना करेंगे। उनके साथ सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

इस रूप में होंगे भगवान भोलेनाथः

आयोजन समिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव कर्पूरगौरं करुणावतारं स्वरूप में अपने भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में शामिल होंगे। 51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन और दिव्य आरती करेंगी। शिव बरात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की झांकियां भी मुख्य आकर्षण होंगी। भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य करते हुए बारात की शोभा बढ़ाएगी।

बारात का मार्ग पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से शुरू होकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर तक जाएगा। वहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा। इस बार बारात पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी और देशभर से कलाकार शामिल होंगे।

ये भी होंगे आकर्षण का केंद्रः

शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी बारात के प्रमुख आकर्षण होंगे। राधा-कृष्ण का प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और कुल 20-21 वाहन फूलों से सजाए जाएंगे। आयोजन महासमिति द्वारा ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।

रक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Share This Article
Exit mobile version