रांची। रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन 24 सितंबर से शुरू हो जायेगा। रेल मंत्रालय ने इसके संकेत दिये हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे को भी इसकी जानकारी दी गई है। रांची रेल मंडल में ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। बता दें कि रांची रेल मंडल की यह पहली वंदे भारत ट्रेन होगी।
इसकी देखरेख की जिम्मेवारी रांची रेलमंडल की होगी। संभावना ये भी है कि रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को रांची स्टेशन से हरी झंडी दिखायी जायेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेन को ऑनलाइन हरी झंडी दिखायेंगे।
बता दें कि रांची के सांसद संजय सेठ ने बीते मंगलवार को रेल मंत्री से मुलाकात कर जल्द इस ट्रेन को शुरू करने का आग्रह किया था। मंत्री ने सांसद को आश्वस्त किया कि जल्द ही रांची को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलेगी। मंत्री ने सांसद को ये भी कहा कि वह रांची रेल मंडल और झारखंड की दूसरी रेल परियोजनाओं की समीक्षा करने के लिए रांची आने वाले हैं।
रांची-हावड़ा वंदे भारत का रूट
जानकारी के अनुसार फिलहाल वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के लिए दो रूटों पर विचार हो रहा है। इसमें यात्रियों की संख्या और इससे रेलवे को मिलने वाले राजस्व पर ध्यान दिया जा रहा है। संभावना है कि पहले रूट के रूप में रांची-मूरी झालदा-पुरूलिया-टाटानगर-घाटशिला झाड़ग्राम और खड़गपुर होकर वंदे भारत को चलाया जायेगा।
दूसरा रूट रांची-मूरी-बोकारो और धनबाद हो सकता है। समय को लेकर कहा जा रहा है कि ट्रेन रांची से सुबह 5:20 बजे खुलेगी और सुबह 11:55 बजे हावड़ा पहुंचे जायेगी। हावड़ा से यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और रात 10:10 बजे रांची पहुंचेगी।
समय की अधिकारिक सूचना नहीं जारी की गयी है। इस संबंध में रांची के डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने ने बताया कि ट्रेन के परिचालन के लिए फिलहाल तिथि तय नहीं है। लेकिन रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन जल्द शुरू होगा।








