Ranchi hill temple crowd: आस्था और भक्ति के रंग में रंगी रांची, नववर्ष पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब

2 Min Read

Ranchi hill temple crowd

रांची। नए साल की पहली सुबह रांची में आस्था और भक्ति के माहौल के साथ शुरू हुई। साल के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। इस दौरान रांची का प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर, हिनू मां काली मंदिर, पुंदाग राधा-कृष्ण मंदिर, स्वर्णरेखा शिव-पार्वती मंदिर, हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

सुबह से ही मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें

सुबह से ही मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त अपने साथ नारियल, फूल, अगरबत्ती, बेलपत्र और अन्य पूजा सामग्रियों से सजी बांस और प्लास्टिक की टोकरियां तथा थालियां लेकर मंदिर पहुंचे। किसी के हाथ में चुनरी थी तो किसी की थाली में पूजा सामग्री, और हर चेहरे पर नए साल को लेकर श्रद्धा और उम्मीद की झलक साफ नजर आ रही थी।

नववर्ष को खास और यादगार बनाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग और नागदेवता की प्रतिमा पर जल, दूध और फूल-मालाएं अर्पित कीं। इस अवसर पर लोगों ने महादेव से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे शहर में धार्मिक स्थलों के आसपास भक्तिमय माहौल बना रहा और रांची ने नववर्ष का स्वागत आस्था, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया।

Share This Article