Ranchi Women HIL 2025: रांची में 28 दिसंबर से हीरो महिला हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत

2 Min Read

Ranchi Women HIL 2025

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 28 दिसंबर से हीरो वीमेंस हॉकी इंडिया लीग (Women’s HIL 2025) का आगाज होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित लीग के सभी मुकाबले मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में खेले जाएंगे। आयोजन को लेकर हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्टेडियम में रंग-रोगन, नियमित मेंटेनेंस और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। मुख्य भवन और दर्शक दीर्घा को झारखंडी हरे रंग से सजाया जा रहा है, ताकि लीग से पहले स्टेडियम को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि लीग में हिस्सा लेने वाली टीमों के रांची पहुंचने का सिलसिला 17 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। पहले चरण में भारतीय खिलाड़ी रांची आएंगी, जबकि 19 से 22 दिसंबर के बीच सभी टीमों की खिलाड़ी शहर पहुंच जाएंगी। शुरुआती खिलाड़ी 17 दिसंबर से अभ्यास शुरू करेंगी, जबकि सभी टीमों का नियमित अभ्यास सत्र 23 दिसंबर से तय किया गया है।

इस बार कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे

वीमेंस हॉकी इंडिया लीग में इस बार कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे और इसका समापन 10 जनवरी को होगा। लीग में भारत के अलावा अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी, इंग्लैंड, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि इस बार वीमेंस एचआईएल में रांची रॉयल्स की टीम पहली बार मैदान में उतरती नजर आएगी। वहीं, मेंस हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 3 जनवरी से चेन्नई में होगी, लेकिन 11 से 16 जनवरी के बीच इसके मुकाबले भी रांची के इसी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इससे जनवरी महीने में रांची देश के प्रमुख हॉकी आयोजनों का बड़ा केंद्र बनेगी।

Share This Article