Ranchi Drug Scam: Phensedryl कफ सिरप की अवैध बिक्री पर NDPS Act के तहत FIR, 28 दवा दुकानों पर कार्रवाई

3 Min Read

Ranchi Drug Scam

रांची। झारखंड में प्रतिबंधित Phensedryl कफ सिरप की अवैध बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय की जांच में New Phensedryl cough syrup (100 एमएल) की गैरकानूनी खरीद–बिक्री और सप्लाई का खुलासा हुआ है। इस मामले में Ranchi समेत राज्य के विभिन्न जिलों में 28 दवा प्रतिष्ठानों और एक स्टॉकिस्ट के खिलाफ NDPS Act के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। औषधि निरीक्षक अर्चना खलको ने तुपुदाना स्थित मेसर्स शैली ट्रेडर्स से जुड़े भोला प्रसाद और संबंधित दवा दुकानों के संचालकों के खिलाफ धुर्वा थाना में FIR दर्ज कराई है। जांच में पाया गया कि प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री को छिपाने के लिए क्रय–विक्रय रिपोर्ट में भ्रामक और गलत जानकारी दी गई थी।

जांच में खुलासा

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि Ranchi से इस कफ सिरप का नेटवर्क उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक फैला हुआ है। प्राथमिकी के अनुसार, एबॉट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की हरियाणा स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से अक्टूबर 2023 से दिसंबर 2024 के बीच लाखों बोतल New Phensedryl cough syrup की खरीद की गई और फिर इसे झारखंड सहित अन्य राज्यों में सप्लाई किया गया।

जांच में झारखंड के करीब आठ और उत्तर प्रदेश के लगभग 100 दवा प्रतिष्ठानों के नाम भी सामने आए हैं। शैली ट्रेडर्स के अकाउंट्स और बिलिंग रिकॉर्ड की जांच नामकुम स्थित राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय की विशेष टीम ने की है। मामले की विस्तृत जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को भी पत्र भेजा गया है।जांच की भनक लगते ही कई दवा दुकानों के संचालक फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान 26 प्रतिष्ठान बंद पाए गए और किसी ने भी बिक्री से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। विभाग ने इसे NDPS Act की गंभीर उल्लंघन मानते हुए कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है। प्राथमिकी में बोकारो, धनबाद, पलामू, साहिबगंज और Ranchi के कई दवा प्रतिष्ठानों के नाम शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी शैली ट्रेडर्स के संचालक भोला प्रसाद के खिलाफ औषधि लाइसेंस से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।

Share This Article