Ranchi Municipal Corporation
रांची। रांची नगर निगम ने 100 बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किया है। राजधानी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरा उठाने के एवज में यूजर चार्ज देने में कई बड़े संस्थान आनाकानी कर रहे हैं। नगर निगम ने उन संस्थानों को चेतावनी दी है, जिनका बकाया अप्रैल 2022 से दिसंबर 2025 तक लंबित है।
प्रमुख बकायेदारों में राज हॉस्पिटल से 9 लाख रुपये, हेल्थ प्वाइंट से 6.60 लाख, प्रधान टॉवर और सिटी मॉल से 4.50 लाख-लाख रुपये, कुमार गर्ल्स हॉस्टल से 4.20 लाख, ट्विन टॉवर से 2.50 लाख, एलजी कॉम्प्लेक्स से 2.37 लाख, मालाबार कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सिंघल हॉस्पिटल और सुजाता पिक्चर पैलेस/लाई लेक्स सिनेमा हॉल से 2.25 लाख रुपये बकाया है। अन्य बकायेदारों पर 45 हजार से 2 लाख रुपये तक बकाया है।
बकायेदारों को सात दिनों के भीतर बकाया भुगतान करने का निर्देश
नगर निगम ने सभी बकायेदारों को सात दिनों के भीतर अपने बकाया का भुगतान करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर संबंधित बकायेदारों के खिलाफ जुर्माना वसूलने से लेकर भवन सील करने तक की कार्रवाई की जाएगी। यूजर चार्ज ऑनलाइन रांची नगर निगम के पोर्टल, ऑफलाइन नगर निगम कार्यालय काउंटर नंबर-1 या प्रतिनिधि के माध्यम से 0651-3131001 पर कॉल करके भी जमा किया जा सकता है। यह कदम नगर निगम ने शहर में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया है।







