Ramnavmi 2025: रामनवमी को लेकर राजधानी में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, 40 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा समेत 3500 जवान मुस्तैद [ Tight security arrangements in the capital for Ram Navami, 3500 jawans including 40 inspectors, 300 sub-inspectors on alert]

4 Min Read

Ramnavmi 2025:

रांची। रामनवमी को लेकर राजधानी के शहरी व ग्रामीण इलाकों में शनिवार से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 12 डीएसपी के अलावा 40 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा व 3500 जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। संवेदनशील जगहों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हर मोहल्ले में धार्मिक स्थल के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहां आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Ramnavmi 2025: ड्रोन से हो रही निगरानीः

शहर के 20 थाना क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है। संबंधित थाना के प्रभारी को ड्रोन से मॉनिटरिंग करने की जिम्मेवारी दी गई है। डोरंडा, मेन रोड, कांके, नगड़ी, रातू, पिठौरिया, बुढ़मू, मांडर और बरियातू समेत अन्य इलाकों में पुलिस ने 25 से ज्यादा प्वाइंट चिह्नित किए हैं, जहां तैनात जवानों को 24 घंटे चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है।

Ramnavmi 2025: 40 जगहों पर क्यूआरटी तैनातः

रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने रामनवमी जुलूस के रूट व मंदिरों का जायजा लेते हुए विशेष दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने हेहल मंडप टोली मंदिर, रातू रोड स्थित दक्षिण मुखी बजरंगबली मंदिर, पिस्का मोड़ के विश्वनाथ शिव मंदिर, पंडरा के महावीर मंदिर और निवारणपुर में तपोवन मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अतिरिक्त जवान तैनात करने और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Ramnavmi 2025: कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से होगी मॉनिटरिंगः

शहर में 400 से ज्यादा जगहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से भी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी से निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम में अलग से एक टीम को तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी तीन शिफ्ट में काम करते हुए 24 घंटे कंट्रोल रूम में मुस्तैद रहेंगे। कहीं भी संदिग्ध दिखाई देते ही वे संबंधित थाने को सूचित करेंगे, जिसके बाद सत्यापन किया जाएगा।

Ramnavmi 2025: सीआरपीएफ की दो कंपनी भी रहेगी तैनात

सुरक्षा की दृष्टि से 40 जगहों पर क्यूआरटी को तैनात किया गया है। एक क्यूआरटी में 15 जवानों को शामिल किया गया है, जिनका जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किया जाएगा। क्यूआरटी की मॉनिटरिंग संबंधित थानेदार करेंगे और जरूरत के हिसाब से टीम का मूवमेंट कराएंगे। क्यूआरटी के अलावा सीआरपीएफ की भी दो कंपनी को मुस्तैद किया गया है।

Ramnavmi 2025: भड़काऊ गाना बजाया तो कार्रवाई, सोशल मीडिया पर भी विशेष नजरः

भड़काउ गाना बजाने पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। धार्मिक जुलूस के दौरान शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कहीं किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई ऐसा प्रयास करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई होगी। पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रख रही है। आपत्तिजनक पोस्ट करने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

इसे भी पढ़ें

Ramnavmi 2025: रामनवमी में हजारीबाग और गिरिडीह में 25 अतिरिक्त डीएसपी रहेंगे तैनात

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं