Jharkhand land dispute crackdown
रामगढ। राज्य में अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ कोर्ट का रुख सख्त नजर आ रहा है। रांची और रामगढ़ में प्रशासन ने कोर्ट के आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में बुलडोजर चलने से कई परिवारों के घर उजड़ गए। कई लोग अपने घर टूटने से आंसू बहाते और प्रशासन से मदद की गुहार लगाते नजर आए। एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 25 फरवरी को है, लेकिन घर टूटने से परिवार संकट में पड़ गया।
रामगढ़ में 96 क्वार्टर जमींदोज
रामगढ़ के पतरातू स्थित जनता नगर में भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई। यहां 96 क्वार्टरों को ध्वस्त किया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। स्थानीय लोगों ने विधायक रोशन लाल चौधरी से मोहलत की गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई पूरी की।
प्रशासन का रुख
अधिकारियों का कहना है कि जमीन JIADA को हस्तांतरित की जा चुकी है और कोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन खाली कराना कानूनन अनिवार्य है। बहरहाल, इन कार्रवाइयों से प्रभावित परिवारों में असमंजस और तनाव का माहौल है, जबकि प्रशासन का जोर कानून और सरकारी जमीन की सुरक्षा पर है।
