रांची। झारखंड में अभी ठंड से राहत नहीं मिलनेवाली है। इस कड़ाके ठंड के बीत मौसम विभाग ने 17 जनवरी से बारिश की चेतावनी दी है। उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवाएं झारखंड में शीतलहर का कारण बनी हैं। मौसम विभाग के अनुसार बादल छंटने की वजह से ठंड बढ़ी है।
विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 17 जनवरी से बारिश हो सकती है। इधर पिछले 24 घंटे में राज्य में 3 से 7 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं 17 एवं 18 जनवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार से ही तापमान में गिरावट देखी जा रही है। राजधानी के ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर पुआल पर गिरी ओस की बूंदे जम गई। राज्य के कई जिलों में 7 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान गिरा। राजधानी का तापमान भी 10 डिग्री से नीचे चला गया।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ ने झारखंड में सर्द हवाओं को आने से रोक दिया था। अब विक्षोभ खत्म हो गया है, इसलिए उत्तर-पश्चिमी हवाएं झारखंड में पहुंच रही हैं। इस कारण तापमान गिर रहा है। राज्य में अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
15 जनवरी के बाद से धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा है। 27.6 डिग्री सेल्सियस के साथ चाईबासा सबसे गर्म रहा। जबकि 5.7 डिग्री सेल्सियस के साथ गढ़वा सबसे ठंडा रहा। वहीं रांची का न्यूनतम पारा 9.6 डिग्री रहा है।
इसे भी पढ़ें
15 हजार घूस लेते रंगे हाथ धराया दारोगा









