Rain havoc in Jharkhand:
रांची। झारखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अधिकांश जिलों में तेज वर्षा जारी है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और गहरा गया है।
कंस नदी पर बना डाड़हा छरदा पुल ढह गया:
गुमला जिले के सिसई प्रखंड में कंस नदी पर बना डाड़हा छरदा पुल रविवार को पानी के तेज बहाव के कारण ढह गया। यह पुल लोहरदगा जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ता था और इसकी स्थिति पहले से ही कमजोर थी। पिछले साल पुल का एक पिलर कमजोर पाया गया था, लेकिन मरम्मत नहीं की गई।जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए पतरातू डैम के सभी आठ गेट खोल दिए गए हैं। शनिवार रात चार गेट खोले गए थे, जबकि रविवार सुबह बाकी गेट भी खोलने पड़े। तिलैया डैम के गेट भी खोल दिए गए हैं। डैम से छोड़ा गया पानी निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ा रहा है।
राजधानी रांची:
राजधानी रांची में रविवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बीते 24 घंटों में शहर में 30 मिमी और नामकुम व तोरपा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में 55–60 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में बारिश का कहर जारी, रांची समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट








