रांची। संबलपुर से चलकर जम्मूतवी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में लूटपाट की घटना के बाद कोल इंडिया कॉर्ड सेक्शन में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब ट्रेनों में आर्म्ड फोर्स तैनात रहेंगे। हालांकि रेलवे की ओर से जो व्यवस्था की गई है, वह अब भी प्रयाप्त नहीं है। इसकी वजह जवानों की कमी बतायी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अब तक लाठीधारी जवानों की बदौलत सीआईसी सेक्शन में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों की सुरक्षा की जाती थी, पर लूटपाट की घटना के बाद इन ट्रेनों में इन लाठीधारी जवानों के साथ आर्म्ड फोर्स भी तैनात रहेंगे।
कई रेल मंडलों ने सुरक्षा बढ़ायी
संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस में लूट की घटना के बाद कई रेल मंडलों ने अपने-अपने क्षेत्राधिकारी के स्टेशनों और रेल लाइनों में सुरक्षा बढ़ाई है। जानकारी के अनुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के गढ़वा रोड-सोननगर सेक्शन की ट्रेनों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा गढ़वा रोड-डेहरी ऑन सोन रेल खंड की सुरक्षा भी बढ़ाई है।
आरपीएफ जपला पोस्ट प्रभारी निरीक्षक राकेश रंजन के मुताबिक सिगसीगी और जपला रेलवे स्टेशन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ की गश्त बढ़ा दी गई है। जपला पोस्ट का क्षेत्राधिकार सिगसीगी स्टेशन से जपला आउटर सिंगल तक है। जपला से सोननगर की ओर आरपीएफ के नवीनगर पोस्ट तथा सिगसिगी से गढ़वा रोड की ओर आरपीएफ के गढ़वा पोस्ट जिम्मेवारी संभालती है।
अब तक डंडे के सहारे होती थी सुरक्षा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सीआईसी सेक्शन में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में अब तक डंडे के सहारे सुरक्षा होती थी। इसके लिए आरपीएफ के तीन पुलिसकर्मियों को लगाया जाता था। घटना के बाद अब इन तीन लाठीधारी पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ अब छह फोर्स की भी तैनाती कर दी गयी है।
हालांकि बल की काफी कमी है, जिसके कारण पहले से मात्र तीन पुलिस बल को ही स्कॉर्ट में लगाया गया था। आरपीएफ के डाल्टेनगंज पोस्ट का क्षेत्राधिकार 103 किलोमीटर है। पर यहां तैनाम फोर्से की संख्या केवल 59 हैं। इसमें भी 24 पुलिसकर्मी धनबाद, बरकाकाना सहित अन्य जगहों पर प्रतिनियुक्त हैं।








