-कई ट्रेनें कैंसिल, कई के रूट बदले और स्टेशनों पर स्पेशल फोर्स तैनात
रांची। झारखंड, ओडि़शा और पश्चिम बंगाल के बड़े इलाके में बुधवार से रेल के पहिये थम जायेंगे। साथ ही बढ़ जायेगी रेल यात्रियों की परेशानी। कुड़मी समाज एसटी में शामिल किये जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत है। इसी कड़ी में कुड़मी समाज रेल रोको आंदोलन के तीसरे वर्जन की शुरुआत बुधवार से करने जा रहा है। परंतु इसका असर मंगलवार से ही दिखने लगा है। कुड़मी समाज के लोग झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन कर रहे हैं। रेल रोको आंदोलन का असर जिन रूट में पड़ रहा है, उन रूट पर चलने वाले ट्रेनों का या तो रद्द कर दिया गया है या फिर उनके मार्ग परिवर्तित कर दिए गए हैं। कुड़मी आंदोलन को लेकर रेलवे अपनी तैयारी में है। झारखंड में रेलवे प्रशासन ने भी इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली है। डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने आंदोलनकारी मोर्चा के नेताओं से मिलकर आंदोलन को स्थगित करने का आग्रह भी किया है। उन्हें कहा है कि उनकी मांगें रेलवे से संबंधित नहीं है। आंदोलन से ट्रेनें प्रभावित होंगी और हजारों लोगों को इससे असुविधा होगी। ट्रेन से मरीज, परीक्षार्थी, नौकरीपेशा, व्यवसायी सहित अन्य यात्री यात्रा करते हैं। उन्हें काफी परेशानी होगी।
इधर, आंदोलन को लेकर रेलवे ने कई कदम उठाये हैं। जिन-जिन स्टेशनों पर आंदोलन की संभावना है, वहां आरपीएफ द्वारा विशेष सुरक्षा बल की तैयारी की गयी है। कैंप बना कर जवानों को तैनात किया गया है। डीआरएम के मुताबिक जिला प्रशासन से भी आंदोलन को लेकर सहयोग मांगा गया है। रेलवे ट्रैफिक की बात करें तो रांची-लोहरदगा एवं रांची-बीआईटी सांकी लाइन होते हुए ट्रेनें चलाने को लेकर प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।
साथ ही रेलवे ने इन ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
ट्रेन संख्या 02832 भुवनेश्वर –रांची- धनबाद एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 07052 रक्सौल –रांची- सिकंदराबाद एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 12876 आनंदविहार – पुरी एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 13404 भागलपुर – रांची एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 15028 गोरखपुर – हटिया एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 15662 कामाख्या – रांची एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा – हटिया एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 18616 हटिया – हावड़ा एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 17007 सिकंदराबाद- रांची- दरभंगा एक्सप्रेस
इसके अलावा कई ट्रेनों के रूट बदले गये हैं। इनमें ..
ट्रेन संख्या 12874 आनंदविहार-हटिया एक्सप्रेस बदले मार्ग टोरी-लोहरदगा-रांची होकर चलेगी
ट्रेन सं 12878 नई दिल्ली-रांची गरीब रथ बदले मार्ग सोन नगर- गढ़वा रोड-टोरी-लोहरदगा-रांची होकर चलेगी
ट्रेन सं 18612 बनारस-रांची एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सोन नगर-गढ़वा रोड-टोरी-लोहरदगा-रांची होकर चलेगी
ट्रेन सं 18623 इस्लामपुर-हटिया ट्रेन परिवर्तित मार्ग टोरी- रांची होकर चलेगी
ट्रेन सं 22824 नई दिल्ली-भुवनेश्वर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग गोमो-आद्रा-मेदिनीपुर-हिजली-भद्रक होकर चलेगी
ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-अल्लापुझा बदले मार्ग टोरी-रांची होकर चलेगी
ट्रेन सं 13352 अल्लापुझा-धनबाद बदले मार्ग रांची-टोरी होकर चलेगी
इसके साथ ही रेलवे प्रशासन ने ऐसे रूट और इलाकों को भी चिह्नित किया है, जहां रेल की पटरियां प्रभावित हो सकती हैं, यहां स्पेशल फोर्स तैनात किये जा रहे हैं, ये इलाके हैं:
झारखंड में घाघरा, नीमडीह, गोमो और मुरी
पश्चिम बंगाल में कुस्तौर और खेमाशुली
और ओडिशा में हरिचंदनपुर, जराइकेला और धनपुर
इधर, कुड़मी समाज के नेताओं ने चेतावनी दी है कि इस बार उनका आंदोलन बेमियादी होगा। जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि कुड़मी को एसटी में शामिल किये जाने की मांग को लेकर कुड़मी समाज ने इसी साल अप्रैल-मई में रोल रोको आंदोलन किया था। इस दौरान तीन दिनों तक झारखंड के कोल्हान और पश्चिम बंगाल के बड़े इलाके में रेल सेवाएं प्रभावित रही थीं।








