Missing Ansh and Anshika: कुख्यात राहुल सिंह गैंग ने लापता अंश-अंशिका की सूचना देने वाले को 2 लाख देने का किया ऐलान

Anjali Kumari
2 Min Read

Missing Ansh and Anshika

रांची। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से दो मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका के बारे में जानकारी देने वाले को कुख्यात गैंग्स्टर राहुल सिंह गैंग की ओर से दो लाख का इनाम दिया जाएगा। यह ऐलान सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर किया गया है। आजाद सरकार के नाम से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि… रांची में लापता हुए दो मासूम भाई-बहन की तलाश में लोग हर संभव सहयोग करें। संगठन ने लोगों से बच्चों की तस्वीरें अधिक से अधिक साझा करने, अपने आसपास सतर्क नजर रखने और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन व संगठन को सूचित करने का आग्रह किया है। सूचना देने वाले को गैंग की तरफ दो लाख रूपये का इनाम दिया जाएगा।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बताते चलें कि 2 जनवरी 2026 को धुर्वा क्षेत्र स्थित मौसीबाड़ी खटाल से 5 वर्षीय अंश कुमार और 4 वर्षीय अंशिका कुमारी बिस्किट खरीदने के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।

17 हजार थाना अलर्ट पर

जानकारी के अनुसार बच्चों की तलाश के लिए देशभर के लगभग 17 हजार थानों को अलर्ट किया गया है। पुलिस संभावित सभी ठिकानों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share This Article