अब ट्रक की सवारी की राहुल गांधी ने

2 Min Read

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार रात अंबाला से चंडीगढ़ का 50 किमी का सफर ट्रक से तय किया। दरअसल, वे दोपहर को दिल्ली से शिमला के लिए कार से निकले थे। राहुल ने इस दौरान ट्रक ड्राइवरों से बात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

गुरुद्वारे में लंगर भी खाया

राहुल ने ट्रक को सुबह 5:30 बजे अंबाला सिटी के श्री मंजी साहब गुरुद्वारे पर रुकवाया। फिर गुरुद्वारे में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी बात की।

उन्होंने गुरुद्वारे में लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया। उनके सफर का एक वीडियो कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।

ट्रक ड्राइवर्स की समस्याएं भी सुनी

कांग्रेस पार्टी ने बताया है कि भारत की सड़कों पर तकरीबन 90 लाख ट्रक ड्राइवर्स हैं। इन सभी लोगों की अपनी समस्याएं हैं। ट्रक ड्राइवर्स की ‘मन की बात’ सुनने का काम राहुल ने किया है। दरअसल, भारी वाहनों और ट्रकों को चलाने वाले इन ड्राइवर्स को रातभर काम करना पड़ता है। इस दौरान कई परेशानियां होती हैं, जिन्हें जानने के लिए ही राहुल इनके बीच पहुंचे।

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा, ‘यूनिवर्सिटी के छात्रों से, खिलाड़ियों से, सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे युवाओं से, किसानों से, डिलीवरी पार्टनरों से, बस में आम नागरिकों से और अब आधी रात को ट्रक के ड्राइवर से आखिर क्यों मुलाकात कर रहे हैं राहुल गांधी? क्योंकि वो इस देश लोगों की बात सुनना चाहते हैं, उनकी चुनौतियों और परेशानियों को समझना चाहते हैं।’

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं